देवघर (DEOGHAR): वट सावित्री व्रत को लेकर बाबानगरी देवघर में आज महिलाएं वट सावित्री की पूजा कर रही हैं. सुहागिनों के लिए इस पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. मान्यता है कि बरगद पेड़ में ब्रह्मा,विष्णु,महेश का वास होता है. यही कारण है कि सावित्री ने इसी पेड़ के नीचे बैठकर ही अपने मृत पति सत्यवान को जीवित कराया था. आज के दिन महिलाएं पूरे विधि-विधान से वट पेड़ की पूजा करती नजर आ रही है. व्रत रखने वाली महिलाएं बरगद के पेड़ को जल,फल, फूल चढ़ा कर कुमकुम,अक्षत लगाती हैं और पेड़ के चारों तरफ परिक्रमा कर घागा बांधती हैं. इस दिन सती सावित्री की कथा सुनना बहुत ही शुभ माना गया है. महिलाओं की माने तो आज के दिन वट सावित्री की पूजा करने से पति की दीर्घायु के साथ पूरे परिवार में सुख,शांति और समृद्धि मिलती है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
