गुमला(GUMLA): गुमला दौरे पर पहुंची राज्य की पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने राज्य में चल रहे पूजा सिंघल मामले को लेकर कहा कि सूबे में कई पदाधिकारी ऐसे हैं जो राज्य में लूट का खेल खेल रहे हैं. सरकार किसी की भी रही हो, इन लोगों को हमेशा मलाईदार विभाग मिलता रहा है. इसके कारण यह पदाधिकारी लगातार राज्य को लूटते रहे हैं. इन तमाम पदाधिकारियों के कार्यकाल की जांच होनी चाहिए. कई पदाधिकारी ऐसे हैं जिसने इस राज्य को लूटने का काम किया है. कई पदाधिकारी ऐसे हैं जो इस राज्य में लूट की छूट बनाए हुए हैं और दुर्भाग्य की बात है कि सरकार किसी की भी हो, उन लोगों का प्रभाव हमेशा बढ़ता गया है. राज्य सरकार में कई सचिव और कई पदाधिकारी ऐसे हैं जो इस राज्य में केवल लूट की नीयत से ही काम कर रहे हैं. इसका परिणाम है कि झारखंड एक अमीर राज्य होने के बाद भी यहां के लोग काफी गरीबी में जीवन बिता रहे हैं.
गंभीरता से होनी चाहिए जांच
उन्होंने कहा कि इन तमाम पदाधिकारियों से जुड़े सारे मामलों की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि इस राज्य के गरीबों का जो पैसा है उसका हिसाब लिया जा सके. तभी जाकर यहां के लोगों को सही रूप से न्याय मिल पाएगा. यहां के पदाधिकारियों को इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि राज्य में अगर किसी पद पर उन्हें बैठाया जाता है तो उनके ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है जिसे काफी ईमानदारी के साथ उन्हें निभाने की कोशिश करनी चाहिए. लेकिन शायद यहां के पदाधिकारियों में इस बात का थोड़ा सा भी ध्यान नहीं रहता है.
रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह, गुमला
