चाईबासा(CHAIBASA): सेल की मेघाहातुबुरु खादान से सटे सारंडा जंगल स्थित रांगरिंग गांव क्षेत्र में एक जंगली हाथी के आने से ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त है. 16 मई की शाम को गांव क्षेत्र में उक्त हाथी को देख ग्रामीण दहशत की वजह से रात में सो नहीं पाये. अनेक ग्रामीण मशाल जलाकर रात भर उक्त हाथी को गांव में घुसने से रोकने का प्रयास करते रहें. रांगरिंग से कुछ दूर स्थित बोड़दाभठ्ठी एंव नुईयागडा़ गांव के ग्रामीण भी उक्त हाथी को लेकर भारी दहशत में हैं.
रांगरिंग गांव से सटा सेल की मेघाहातुबुरु खदान का रांगरिंग डैम, जहां फाइन्स के उठाव का कार्य चल रहा है, रात के समय उक्त कार्य स्थल पर भी उक्त हाथी पहुंच गया था. हालांकि, सिर्फ बालिबा गांव के एक युवक को घायल करने के अलावा हाथी ने अभी तक किसी के घरों को नुकसान नहीं पहुंचाया है. ऐसा कहा जा रहा है कि उक्त हाथी अपने झुंड से बिछड़ कर यहां-वहां निरंतर भटक रहा है.
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, गुवा(चाईबासा)
.jpeg)