दुमका (DUMKA) - दुमका के संत टेरेसा स्कूल में इंटरमीडिएट साइंस की कॉपी के मूल्यांकन कार्य में लगे वीक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर जैक के खिलाफ विरोध जताया. वीक्षकों का कहना है कि पिछले वर्ष तक प्रतिदिन 30 कॉपी की जांच की जाती थी, लेकिन इस वर्ष जैक द्वारा इसकी संख्या 30 से बढ़ाकर 70 कर दी गई है. व्यवहारिक रूप में 1 दिन में 70 कॉपी की जांच करना संभव नहीं है. इसमें एक तरफ जहां त्रुटि की संभावना बढ़ जाती है, वहीं यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी माना जाएगा.
मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार
शिवकांत त्रिपाठी ने बताया कि अभी तो हम लोग काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक रूप से विरोध दर्ज करा रहे हैं. लेकिन अगर जैक द्वारा इन मांगों पर विचार करते हुए प्रतिदिन जांचने वाली कॉपी की संख्या को कम नहीं किया गया तो अंत में वीक्षक मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर देंगे.
रिपोर्ट : पंचम झा, दुमका
