चक्रधरपुर (CHAKRDHARPUR) : रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने पोर्टर खौली रेलवे केविन की ओर से राऊरकेला के लिए सारंडा पैसेंजर पकड़ने स्टेशन जा रहे दूल्हा दुल्हन सहित बारातियों को हिरासत में ले लिया. नव विवाहित वरवधू को विदाई के बाद सीधे थाने जाना पड़ा. इस कारण बारातियों की ट्रेन भी छूट गई. जानकारी के अनुसार मंगलवार को राऊरकेला से बारात चक्रधरपुर केरा के रागरिंग गांव आयी थी. बुधवार सुबह बरात लौटते वक़्त पोटर खोली केविन के समीप रेल के पटरियों को पार करने के दौरान रेलवे पुलिस ने पकड़ लिया और थाने ले गए.
प्रतिबंधित रास्ते पर नहीं लगी सूचना पट
लॉकडाउन के बाद से ही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेल प्रशासन के द्वारा यह कदम उठाया गया है. वहीं लोगों का कहना है कि कई वर्षों पहले से लोग इस रास्ते को स्टेशन आने जाने के लिए इस्तेमाल करते आ रहे हैं. साथ ही सभी को जानकारी नहीं है कि रास्ते को बंद कर दिया गया. जिस कारण लोग अनजाने में इस रास्ते से चले जाते हैं. इसके साथ ही रेलवे के द्वारा भी पुराने केविन में एक टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई थी, जिसे लोकडाउन के वक़्त से बंद कर दिया गया है. लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि अनजान यात्रियों को इस प्रतिबंधित रास्ते पर नहीं जाने के लिए कोई चेतावनी या सूचना पट भी नहीं लगाया गया है. जिसके कारण अनजाने में लोग ट्रेन पकड़ने के लिए इस रास्ते को अख्तियार कर लेते हैं और जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का शिकार होने के साथ ही उनकी ट्रेन भी छूट जाती है और जरूरी काम भी बाधित हो जाता है.
रिपोर्ट : राजेश्वर पाण्डेय, चक्रधरपुर
