धनबाद(DHANBAD) - बाघमारा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है. चोरी गई तीन बाइकों को बरामद किया गया है और चोरी की घटनाओं में शामिल तीन की गिरफ्तारी भी हुई है. बरामद बाइक में दो की पहचान डुमरा से चोरी हुई बाइक के रूप में की गई है ,जबकि तीसरी बाइक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. गिरफ्तार बदमाशों में सौरव यादव और विक्रम कुमार, जो हरिहरपुर थाना के निवासी हैं और तीसरा आमिर हुसैन बोकारो का रहने वाला बताया जाता है.
इन तीनों का बाइक चोरी सहित अन्य घटनाओं में संलिप्तता रही है. फिलहाल तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. सोमवार को बाघमारा डीएसपी निशा मुर्मू ने बताया कि बाघमारा थाना के डुमरा से पांच मई को दो बाइक चोरी की शिकायत मिली थी. उसके बाद बाघमारा थाना प्रभारी सूबेदार कुमार यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर धनबाद जिले के कई जगह सहित बोकारो में छापामारी की गई ,उसके बाद यह सफलता हाथ लगी है.
रिपोर्ट - ओम प्रकाश, धनबाद
