धनबाद (DHANBAD) : पूरे प्रदेश के साथ-साथ धनबाद में भी रविवार को मुख्यमंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाली गई. यह कार्यक्रम आज पूरे प्रदेश में प्रस्तावित था, इसी के तहत आज धनबाद के सिटी सेंटर के पास भाजपा नेता और कार्यकर्ता जुटे और वहां से शव यात्रा निकालकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचे और वहां शव के पुतले को आग के हवाले किया. भाजपा नेता और कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे- सरकार भ्रष्टाचारी है, अब नहीं चलेगी ,-गद्दी छोड़े ,गद्दी छोड़े. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश था.
धनबाद के साथ-साथ पूरे राज्य की स्थिति विकट : राज सिन्हा
धनबाद की कानून -व्यवस्था पर भी उन लोगों का कहना था कि यह यहां पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है. भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने कहा कि झारखंड में लुटेरी सरकार चल रही है और अब बच्चा बच्चा भी यह कह रहा है कि यह सरकार नहीं चाहिए. सरकार गद्दी छोड़ें. विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद के साथ-साथ पूरे राज्य की स्थिति विकट हो गई है. भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है. प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है. अपराधी जो चाह रहे हैं ,कर रहे हैं. भ्रष्टाचारी जैसे जी में आ रहा है काम कर रहे हैं. ऐसे में जनता भयभीत हैं. आक्रोश में हैं ,वह इस सरकार को अब बर्दाश्त करने के मूड में नहीं दिख रही है.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह, धनबाद
