जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के एस टाइप चौक पर चार दिन पूर्व सोशल मीडिया के पत्रकार से आधी रात को कैमरा छीनने वाले युवकों की सीसीटीवी से पुलिस ने पहचान कर ली है. सभी युवक बड़े घर के रईसजादे निकले. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. बता दें कि एस टाइप चौक के समीप दामरो फर्नीचर के पास हुए कैमरा लूट कांड और प्रभात पार्क के पास कुल्फी वाले एवं एक धोबी से हुई लूट मामले में जो तस्वीरें सामने आई है वह चौंकाने वाली है.
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ मारपीट का फुटेज
एक मई की रात ढाई बजे के आसपास दामरो फर्नीचर के समीप सोशल मीडिया के कैमरामैन वेंकटेश गोंदरा से कैमरा लूट मामले में पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं वह चौंकानेवाला है. लूट में शामिल आदित्य झा उर्फ बिल्ली, संचु सिंह, विवेक यादव, उदय सिंह और अमन मुंगेरी के साथ 10-12 युवक नजर आ रहे हैं. ये सभी शहर के रईसों के बेटे हैं. लूट और मारपीट की ये पूरी घटना दामरो फर्नीचर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो पुलिस के लिए वरदान साबित हुई है. हालांकि, इसपर किसी को भरोसा नहीं होता, क्योंकि ऐसी हरकतें आमतौर पर पेशेवर अपराधी करते हैं. मगर रईसों के बेटे इस तरह की हरकत करेंगे यह सोचने वाली बात है. वहीं ठीक 2 दिन बाद इन लोगों ने प्रभात पार्क के समीप कुल्फी वाले के साथ भी मारपीट की और उसके पैसे छीन लिए. बीच-बचाव करने पहुंचे एक धोबी के साथ भी उन्होंने मारपीट की. दोनों मामलों में इन लोगों की संलिप्तता के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर
