धनबाद (DHANBAD) : धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल रणधीर वर्मा चौक पर धरना दे रहे परिवार से मिला. भूख हड़ताल पर बैठी कुंती देवी एवं उनके परिजनों के साथ मिलकर मामले की जानकारी ली. गौरतलब है कि चीटाही धाम मंदिर के बाहर अपनी रैयती जमीन पर दुकान चला रही कुंती देवी एवं उनके परिवार के साथ मारपीट एवं दुकान के सामने की जमीन को अवरुद्ध किये जाने सहित विधायक के आतंक से परेशान होकर परिवार रणधीर वर्मा चौक धरना दे रहा है.
मौके पर जिला अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बाघमारा विधायक द्वारा एक साधारण परिवार का रोजगार छीन लेना एवं उनके एवं उनके परिजनों के साथ मारपीट किया जाना बहुत ही शर्मनाक एवं निंदनीय है. कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रताड़ित परिवार को न्याय मिले एवं दोषियों पर अविलंब कार्रवाई हो. कहा कि एक तरफ भाजपा कहती है कि सबका साथ सबका विकास और एक तरफ भाजपा के बाघमारा विधायक एक गरीब परिवार के आशियाना को उजाड़ने का काम कर रहे हैं. बावजूद स्थानीय प्रशासन एवं जिला प्रशासन लापरवाह एवं मूकदर्शक बना हुआ है. मौके पर एआईसीसी सदस्य मदन महतो,मनोज यादव,पप्पु कुमार तिवारी,कार्तिक घोष, पप्पु सिंह, कमला कुमारी, राजीव कुमार सहित दर्जनों कांग्रेसजन उपस्थित थे.