गिरिडीह(GIRIDIH): बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गिरिडीह कॉलेज रोड स्थित न्यू गिरिडीह स्टेशन के समीप शुक्रवार की शाम कुछ युवकों ने एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया और उसके गले से सोने का चैन के साथ डेढ़ लाख रुपए छीनकर फरार हो गए. जानकारी मिलने के बाद एक साथ दो थानों बेंगाबाद और मुफ्फसिल की पुलिस पहुंची मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी विनय राम और प्रदीप कुमार दोनों ही घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. लेकिन, तब तक सारे फरार हो चुके थे. पीड़ित महिला ने दोनों थानों की पुलिस को पूरे मामले कि जानकारी दी. इसके बाद बेंगाबाद थाना की पुलिस हरकत में आई और कुछ ही देर में दो युवकों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ कर रही है. दोनों युवकों के इस घटना में शामिल होने की बात कही जा रही है. जिन दो युवकों को हिरासत में पुलिस ने लिया, उसमें एक युवक का नाम मीतू मंडल बताया जा रहा है. मगर, दुसरी तरफ पुलिस किसी के हिरासत में लेने की बात से फिलहाल इंकार कर रही है. जानकारी के अनुसार मीतू मंडल अपने कुछ साथियों के साथ न्यू गिरिडीह स्टेशन इलाके में राहगीरों से छिनतई ही करता है.
बिहार शरीफ से गिरिडीह आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, बिहार के बिहार शरीफ से एक परिवार शहर के शास्त्री नगर में बेटी के रिस्पेशन में शामिल होने गिरिडीह पहुंचा था और शुक्रवार को सभी वापस जा रहे थे. वापस लौटने के क्रम में बिहार शरीफ का यह परिवार न्यू गिरिडीह स्टेशन के समीप किसी जमीन को देखने जा रहा था. इसी दौरान बीच रास्ते में एक स्कूटी पर सवार हो एक लड़की उधर से गुजर रही थी. गुजरने के क्रम में बिहार शरीफ के इस परिवार की गाड़ी लड़की के स्कूटी से टकराई. इस दौरान गाड़ी के चालक ने स्कूटी सवार लड़की से माफी मांगा. बात यहां तक खत्म होने को ही था कि कुछ युवक वहां नशे के हालत में पहुंचे और गाड़ी में सवार लोगों के साथ मारपीट करना शुरु कर दिया. उसमें से एक युवक ने गाड़ी में बैठी महिला के गले से सोने का चैन छीना और पर्स से डेढ़ लाख रुपए भी छीन लिया. इस बीच जानकारी मिलने तक गिरिडीह कॉलेज के समीप पुलिस सहायता केन्द्र के पदाधिकारी प्रमोद कुमार पुलिस जवानों के साथ पहुंचे. लेकिन तब सारे आरोपी वहां से फरार हो चुके थे. इधर पीड़ित महिला से आवेदन लेकर पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: दिनेश कुमार, गिरिडीह
