बोकारो (BOKARO) – बीते दिन मौसम ने अचानक करवट बदली और राज्य के कई जिलों में तेज बारिश के साथ-साथ तूफान भी आए. जहां शहरी क्षेत्र में हल्की बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नुक्सान झेलना पड़ा. बता दें कि बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र हुरलुंग और बड़की सिधावारा पंचायत में शनिवार की शाम तबाही बनकर आई आंधी-पानी से ग्रामीणों को लाखों का नुकसान हुआ है. हुरलुंग पंचायत में ग्रामीणों के कई खपरैल घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. ऐसे में पीड़ित ग्रामीणों ने घटना की सूचना पंचायत के मुखिया प्रत्याशी बैजंती देवी को देते हुए सरकार से क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है.
बाल-बाल बची मां-बेटे की जान
पंचायत के तिरहुतिया टोला निवासी मालती देवी के खपरैल घर में सिमर का बड़ा पेड़ गिर जाने से हजारों का नुकसान हुआ है. इस संबंध में मालती देवी ने बताया कि घर मे वह अपने बच्चों के साथ रहती हैं. पति मजदूरी करने बाहर गए हुए है. शाम को अचानक हुए आंधी पानी से उसे भारी नुकसान पहुंचा है. उन्होंने बताया कि जिस समय आंधी पानी हो रहा था, उस समय वह अपने बच्चों के साथ घर पर ही थी. पेड़ गिरने के आवाज से वह भयभीत हो गई और किसी तरह जान बचाते हुए दौड़ कर घर से बाहर निकल गई. उसने इसकी सूचना पंचायत के मुखिया प्रत्याशी बैजंती देवी को देते हुए सरकार से क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है.
कई क्विंटल अनाजों का नुक्सान
वहीं बड़की सिधावारा के रोला गांव निवासी नारायण महतो ने बताया कि शाम में अचानक हुए ओलावृष्टि से उसे काफी नुकसान पहुंचा है. घर में रखे लगभग 30 क्विंटल अनाज पूरी तरह से भीग गए हैं. घर के छत पर एज्बेस्ट्स सीट लगे हुए थे. ओलावृष्टि के कारण एज्बेस्ट्स सीट कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बारिश का पानी घर के अंदर घुस गया।बताया कि बोलेरो और जेसीबी मशीन का सीसा भी पूरी तरह से टूट गया है.
रिपोर्ट : संजय कुमार, बोकारो (गोमिया)
