झुमरी तिलैया (JHUMRITILAIYA) : भीषण गर्मी से लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं. ट्रेन में सफर करने वाले यात्री भी झुलसा देने वाली गर्मी से बेहाल हैं. खास कर यात्रा कर रहे बच्चे गर्मी से प्रभावित होकर बीमार पड़ रहे हैं. यात्रा के दौरान हावड़ा नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस एवं इस्लामपुर हटिया एक्सप्रेस में गर्मीं से बेहाल बच्चों के बारे मे जानकारी मिलने पर सोमवार को ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर संतोष कुमार ने तत्परता दिखाई एवं कोडरमा स्टेशन पर डॉक्टर आशीष कुमार एवं कंपाउंडर के द्वारा जांच करने के उपरांत दवा और इंजेक्शन दिलाया. दोनों बच्चों को समय रहते इलाज मिलने से वे अपने अभिभावकों के साथ गंतव्य रेलवे स्टेशन के लिए सफर कर रहे हैंं. रेलवे के डॉक्टर देवदूत की तरह हाजिर हुए और ट्रेन में ही इलाज किया. रेलवे की इस पहल की तारीफ हो रही है. इस्लामपुर रांची हटिया में एस 4 में सफर कर रही सुमो देवी का पांच वर्षीय पुत्र एवं 12382 के ए2 के बर्थ संख्या 33 में सफर कर रहे व्यक्ति के पुत्र को भी इंजेक्शन देकर स्वस्थ किया गया.
