जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : बारीडीह में सुबह सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. मृतक आदित्य प्रसाद बारीडीह बस्ती के लोहिया पथ निवासी विनोद प्रसाद का बेटा था. वह एआईडब्ल्यूसी, ओल्ड बारीडीह का छात्र था.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सुबह बारीडीह बस्ती स्थित घर से अपने स्कूल जाने के लिए आदित्य प्रसाद साइकिल से निकला. वह मर्सी के पास से गुजर रहा था, इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे पल्सर ने जोरदार टक्कर मारी जिससे छात्र दूर फेंका गया. आनन फानन में लोगों ने उसे एमजीएम पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं पल्सर चला रहा युवक घटनास्थल से भाग गया था.
घटना की सूचना पर बदहवास परिजन एमजीएम पहुंचे. इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर फैल गई है और बारीडीह क्षेत्र में भी लोग काफी दुखी हैं. स्थानीय लोगों ने अफसोस जाहिर किया कि रफ ड्राईविंग करनेवालों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से ऐसे युवकों की संख्या बढ़ती जा रही है जो बेलगाम तरीके से गाड़ी चलाकर खुद और समाज के लोगों की जान से खेल रहे हैं.
