चाईबासा (CHAIBASA) : सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मौतों के विश्लेषण के क्रम में यह बात सामने आई है कि निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्कूल बसों के निर्धारित मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है. इस प्रसंग में स्कूल बसों/वाहनों में निर्धारित सीट से अधिक बच्चों का आवागमन करने तथा विद्यालय प्रबंधन द्वारा शहर के यातायात की स्थिति समझे बिना स्कूल बस ड्राइवरों को आने जाने हेतु अपेक्षाकृत कम समय देने की सूचना प्राप्त हुई है जो कि दुर्घटना का कारण बन सकती है. जिला उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार परिवहन कार्यालय चाईबासा और जिला रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट के सदस्यों ने सोमवार को को स्कूल बसों का निरीक्षण का कार्य प्रारंभ किया. इस क्रम में आज जगन्नाथपुर अनुमंडल अंतर्गत जांच अभियान चलाया गया, आने वाले दिनों में यह अभियान जिले के विभिन्न स्कूलों तथा विभिन्न स्थानों पर चलाया जाएगा.
निम्न बिंदुओं पर स्कूल बसों की जांच
- स्कूल बसों में ओवर लोडिंग को नियंत्रित करना
- स्कूल बसों में चालकों का विधिवत सत्यापन करना तथा नशा की स्थिति में गाड़ी का परिचालन नहीं करना.
- जिला रोड सेफ्टी कमेटी के निर्देशों का अनुपालन करना.
रिपोर्ट : अविनाश कुमार, चाईबासा
