चाईबासा (CHAIBASA) : गुवा थाना क्षेत्र के नुईया गांव के मुंडा टोली से एक बच्चे की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है. कारो नदी में मछली पकड़ने में जब नाबालिग ने इंकार कर दिया तो उसकी हत्या कर नदी में शव फेंक दिया गया. घटना रविवार सुबह की है. गुवा पुलिस ने लाश को बरामद कर घटना से संबंधित छानबीन शुरू कर दी है. इस घटना के संबंध में गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव ने बताया कि नुईया गांव के रहने वाले मुंडा धन्नु चाम्पिया उर्फ दुनू चाम्पिया के 29 वर्षीय बेटे ने 12 वर्षीय नाबालिग की गला दबाकर हत्या कर शव को कारों नदी में फेंक दिया. मामले में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
यह है मामला
घटना की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव ने कहा कि नुईया गांव के मुंडा धन्नु चाम्पिया उर्फ दुनू चाम्पिया के बेटा सुपाय चाम्पिया खेती-बाड़ी कर कारो नदी से मछली पकड़ने का काम करता था. वह नंगे तार से कारो नदी में करंट प्रभावित कर मछलियां पकड़ता था. कुछ बच्चों को नदी में उतारकर मछलियां ढूंढने का काम करवाता था. इसके एवज में उन बच्चों को पकड़ी गई मछलियों में से कुछ मछलियां दे दिया करता था. इसी क्रम में शनिवार को मछली पकड़ने के दौरान कुछ बच्चों को रोका गया. लेकिन एक बच्चे छोड़कर सभी बच्चे वहां से भाग गए. एक बच्चे लक्ष्मण पूर्ति को जिसे पकड़ा गया था, उसे कहा गया मछलियां ढूंढने में हमारी मदद करो. लेकिन उसने मना कर दिया. आरोप है कि सुपाय चाम्पिया ने उस बच्चे को जमीन पर पटक दोनों पैर से उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या कर देने के बाद उन्होंने मासूम की लाश को घसीटते हुए कारो नदी में फेंक दिया. पुलिस के सामने हत्यारोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया और थाना प्रभारी ने उसे गिरफ्तार कर चाईबासा जेल भेज दिया.
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, चाईबासा