चाईबासा(CHAIBASA): किरीबुरु थाना के मंगलाहाट हाट एंव जाकिर हुसैन पार्क क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे सुबह से ही सजने वाली शराबियों की महफिल से शहर की जनता, खासकर स्कूली छात्र-छात्रायें एंव महिलाओं को इस मार्ग से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उल्लेखनीय है कि मंगलाहाट व उक्त पार्क के ठीक सामने अंग्रेजी शराब की दुकान है. इस दुकान के खुलने के साथ हीं कुछ शराबी शराब खरीदकर सड़क किनारे हीं अपने-अपने वाहन को खडा़ कर सुबह से देर शाम तक शराब पीने लग जा रहे हैं.
स्कूली छात्र-छात्राओं का होता है आना-जाना
इस शराब दुकान व शराबियों के पीने वाले स्थान से महज ही 100-150 मीटर की दूरी पर प्रोजेक्ट सेंट्रल स्कूल है. इस स्कूल में पढ़ने सैकड़ों बच्चे पैदल इसी मार्ग से आना-जाना करते है. आने-जाने के दौरान सड़क किनारे शराब की महफिल सजी देख तथा असभ्य भाषाओं का प्रयोग होता देख उन्हे काफी खराब लगता है. इस गलत कार्य का बुरा प्रभाव इन छात्र-छात्राओं पर कहीं न पड़ जाये, इसको लेकर इनके अभिभावक व आम जनता परेशान व चिंतित हैं. लोगों ने इस समस्या से मुक्ति दिलाने हेतु हिंदुस्तान संवाददाता के साथ-साथ एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि से भी फोन पर सम्पर्क साध शिकायत की है. लोगों का कहना है कि पुलिस शहर में विशेष अभियान चला सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जारी शराब के सेवन पर अविलम्ब रोक लगाये तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करे.
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, गुवा(चाईबासा)
