चाईबासा(CHAIBASA): शनिवार को त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में वार्ड सदस्य और मुखिया पदों के नामांकन के लिए प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सभागार में बीडीओ एवं सीओ के संयुक्त अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई. इसमें नामांकन के समय प्रत्याशियों से प्राप्त करने और दिए जाने वाली आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी दी गई. बताया गया कि प्रत्याशियों के नाम वोटर लिस्ट में जैसा है, वैसा ही होना चाहिए. आरक्षित क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी के मामले में जाति प्रमाण पत्र अवश्य लेना है. आयु 21 वर्ष होना अनिवार्य है. इसकी गणना पहली स्क्रूटनी वाले दिन से किया जाएगा. बैठक में नामांकन हेतु प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रपत्रों की बारीकियों की जानकारी ली. जानकारी दी गई कि नाम निर्देशन का कार्य 25 अप्रैल से 2 मई तक होगा.
प्रत्याशियों के पास होने चाहिए ये डॉक्युमेंट्स
नामांकन के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को बताया गया कि प्रत्याशियों से प्रपत्र-6, नाजिर रसीद, जाति प्रमाण(आरक्षित सीट के लिए), आयु प्रमाण पत्र, प्रत्याशी और प्रस्तावक का दो-दो पासपोर्ट साइज फोटो लेना है. बताया गया कि नामांकन के समय प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक जांचने की आवश्यकता है. बैठक में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ पारुल सिंह, सीओ गोपी उरांव, सदर बीइइओ नागेश्वर सिंह, सीडीपीओ, शिक्षक शिक्षिकाएं उपेन्द्र सिंह, डॉ. सुनील सिंह, कृष्णा देवगम, रानी पूनम, संयुक्ता कुमारी, वशिष्ठ प्रधान, सविता कुंकल, संगीता सावैयां, रामानुज आदि मौजूद थे.
रिपोर्ट: अविनाश कुमार, चाईबासा
