धनबाद (DHANBAD) : टुंडी में सोमवार को मुखिया पद के लिए पहला नामांकन पत्र जमा हुआ. मोहलीडीह पंचायत से पूर्वी टुण्डी प्रखंड के मोहलीडीह पंचायत से मुखिया पद के प्रत्याशी शांति बाला मिंज ने अपना नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी राकेश भूषण सिंह के समक्ष जमा किया. मुखिया पद के लिए यह पहला नामांकन पत्र था, मुखिया प्रत्याशी शांति बाला मिंज ने शनिवार को नामांकन पत्र की खरीद भी सबसे पहले ही की थी.
खुले कई स्थानों पर कार्यालय
पंचायत चुनाव के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य सहित वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन प्रपत्र भरने के लिए प्रखंड में कई स्थानों पर कार्यालय खुले हुए हैं, जहां प्रत्याशी अपने पसंदीदा वकील के पास पहुंच कर अपना नामांकन पत्र भरवा रहे हैं. चुनाव नामांकन पत्र भरने का काम कहीं खुले आसमान तो कहीं कमरे में चल रहा है. सोमवार को ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला जब प्रखंड कार्यालय के बाहर एक खुले मैदान में खजूर पेड़ की ओट में टेबल लगा कर प्रत्याशियों का नामांकन प्रपत्र भरा जा रहा था. तो वहीं दूसरी ओर लटानी गांव में एक छोटे से कमरे में अस्थाई कार्यालय खोलकर प्रत्याशियों का नामांकन पत्र भरते देखा गया. इन कार्यालयों में सभी अलग अलग पदों के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र भरने के लिए शुल्क निर्धारित हैं. प्रत्याशी भी नामांकन पत्र भरने में कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं. इसलिए प्रपत्र भरवाने के लिए सोमवार को प्रत्याशियों की जबरदस्त भीड़ देखी गई.
