गुमला (GUMLA) : प्रखंड क्षेत्र के कोंडेकेरा बम्हन्डीह जंगल से भटक कर हिरण प्रजाति का वन्य जीव कोटरा वृहस्पतिवार की रात्रि गरई गांव में पहुंच गया और एक सब्जी बारी में लगे तार की जाली में जा फंस गया. सुबह ग्रामीणों की नजर तार की जाली में फंसे कोटरा पर पड़ी तो देखने वालों की भीड़ लग गयी. तत्काल गरई गांव के ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए वन विभाग बसिया के अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया.
ग्रामीणों की सूचना पर शुक्रवार को प्रभारी वनपाल लिबनुस कुल्लू, वनकर्मी विधासागर भगत, भिखराम उरांव, करमु उरांव और लाधु गरई गांव पहुंच ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की. तत्पश्चात ग्रामीणों के द्वारा कोटरा को वन कर्मियों को सौंप दिया. वन-विभाग बसिया की टीम कोटरा को लेकर बसिया पहुंची जिसके बाद उस जीव को जंगल में छोड़ना था. पर, दुर्भाग्यवश, कुछ देर बाद हार्ट-अटैक के कारण कोटरा की मौत हो गयी. वन कर्मियों ने कामडारा के पशु चिकित्सक से मृत कोटरा का पोस्टमार्टम कराने के बाद सम्मान के साथ कोटरा को वन परिसर बसिया में दफना दिया. मौके पर वनकर्मी मौजूद थे.
रिपोर्ट: शहाब अली, कामडारा (गुमला)