पलामू(PALAMU) : रहमतों, बरकतों व मगफिरतों का महिना माह-ए-रमज़ान चल रहा है. आज रमजान के दूसरे जुमे की नमाज़ सभी मस्जिदों में अदा की गयी. शहर के छह मुहान चौक स्थित जामा मस्जिद, बाजार स्थित चौक बाजार मस्जिद, पहाड़ी मुहल्ला स्थित नूरी मस्जिद, कुंड मुहल्ला स्थित मिल्लत मस्जिद, मुस्लिमनगर स्थित मदीना मस्जिद, अहले हदीस मस्जिद, मोहम्मदिया मस्जिद, शाहपुर स्थित तैबा मस्जिद समेत सभी मस्जिदों में नमाज़ ए जुमा अदा किया गया.
सवाब के नियत से रखें रोजा : जुबेर अख्तर बरकाती
इस मौके पर छोटी मस्जिद इमाम जुबेर अख्तर बरकाती ने कहा कि जो रमजान में सवाब के नियत से रोजा रखता है, अल्लाह ताला उसके पिछले गुनाह माफ कर देते है. जुबेर अख्तर बरकाती ने बताया कि रमज़ान में कुरान-ए-करीम की तिलवत ज्यादा से ज्यादा करनी चाहिए. जनाब जुबेर ने बताया कि अल्लाह के नबी हजरत मोहम्मद मुस्तफा सलल्लाहो अलैहे वसल्लम फ़रमाया रमज़ान में सदका करना सबसे ज्यादा सवाब है. रमजान में गरीबों और मिस्कीनों की ज्यादा से ज्यादा मदद करना चाहिए. उन्होंने बताया कि नबी सलल्लाहो अलैहे वसल्लम ने बताया जब रमज़ान आता है तो जन्नत के दरवाजे खोल दिये जाते हैं और जहन्नूम के दरवाजे बंद कर दिये जाते हैं. उन्होंने कहा कि रमजान में रोजा रखने के लिए कामों में कमी ला देनी चाहिए. मग़र रमजान का रोजा फ़र्ज़ रखना चाहिए. जकात अदा करनी चाहिए. जकात अदा करने से दौलत बढ़ती है. जकात अदा करने से अल्लाह अपने पास बेशुमार सवाब अता करता है. जकात अदा करने से परेशानियां दूर होती है. जकात अदा नहीं करने वाले की अल्लाह ताला के घर पकड़ होगी. अल्लाह के घर में उसी दौलत को आग बना कर दागा जायेगा और दौलत को सांप बना कर डंसेगा.
रिपोर्ट : ज़फ़र महबूब, पलामू