जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : जमशेदपुर के मानगो थाना के दाईगुटू निवासी अनिल कुमार वर्मा पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने रिशु समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार हुए आरोपियों में पड़ोसी रिशु कुमार, सुमित कुमार और बबलू मुर्मू उर्फ बाटुल शामिल हैं. पुलिस ने इनकी निशानदेही में घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद किया है. सुमित कुमार ने ही अनिल पर फायरिंग की थी.
जानकारी देते हुए सिटी एसपी के विजय शंकर ने बताया कि बीते दिनों अनिल वर्मा पर फायरिंग की गई थी. इसी मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि आपसी विवाद को लेकर तीनों ने एक माह पहले ही हत्या का प्लान बनाया था. सुमित ने पांच हजार रुपए में देसी कट्टा बिहार से खरीदा था. घटना के दिन भी सुमित ने ही फायरिंग की थी. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर