गिरिडीह (GIRIDIH) - गावां थाना क्षेत्र के कोनी गांव में महुआ चुनने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट के क्रम में दोनों पक्ष से तीन लोग घायल हो गए. इसको लेकर पीड़ित पक्ष के सुनील प्रसाद यादव ने थाना में आवेदन देकर 10 लोगों को आरोपी बनाते हुए गावां थाना प्रभारी पिंटू कुमार से सभी आरोपी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि गुरुवार की अहले सुबह महुआ चुनने को लेकर विवाद हो गया था जिसके बाद हम सभी परिवार वापस घर आ गए. इसके बाद लूटी प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ टांगी, फरसा, तलवार आदि लेकर मेरे घर घुस गया और मेरे साथ मारपीट करने लगा. जिसमें सुनील यादव, नीतीश यादव, सविता देवी व ब्रह्मदेव प्रसाद यादव को गंभीर चोटें आई. साथ ही सरिता देवी के गले से सोने का चैन व बक्सा का ताला तोड़कर पचास हजार रुपये नगद व चांदी का जेवर चुरा लिया.
पांच लोगों पर मारपीट का आरोप
वहीं दूसरे पक्ष लूटी प्रसाद यादव से गावां थाना में आवेदन देकर पांच लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया. लूटी प्रसाद यादव ने गावां थाना में आवेदन देकर बताया कि अहले सुबह तीन बजे पूरे परिवार के साथ महुआ चुनने गए थे जिसके कुछ देर बाद मेरा गोतिया सुनील प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ महुआ पेड़ के पास पहुंचा और सभी के हाथ मे लाठी, डंडा, तलवार आदि था. जिसके बाद हम सभी उनलोगों के हाथ मे हथियार देख कर वहां से जान बचाकर भाग कर वापस घर आ गए. 9 बजे महुआ चुन कर वापस आकर सुनील यादव अपने पूरे परिवार के साथ मेरे घर में घुस कर मारपीट करने लगा. इससे मेरे भाई मोती प्रसाद यादव व अजित यादव घायल हो गए. इस सम्बंध में गावां थाना प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी घायलों को इलाज कराने को कहा गया है. जांचकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : दिनेश कुमार, गिरिडीह
.jpeg)