देवघर (DEOGHAR) - मंगलवार को स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे द्वारा देवघर-सुलतानगंज डेमू सेवा की हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया. बाबाधाम आने वाले तीर्थयात्रियों को खास कर इस ट्रेन से काफी सुविधा होगी. देवघर सुलतानगंज वाया भागलपुर बांका डेमू सेवा से बिहार-झारखंड के कई दैनिक यात्रियों को सुविधा होगी. इस अवसर पर स्थानीय विधायक और आसनसोल मंडल के डीआरएम भी मौजूद रहे.
परेशानियों से छुटकारा
मौके पर ट्रैन की उपयोगिता गिनाते हुए स्थानीय सांसद ने कहा कि इन रेल सेवा से सुलतानगंज से आने वाले यात्री काफी कम पैसे खर्च कर बाबा की पूजा करने देवघर पहुंच सकेंगे. साथ ही उनको यात्रा की परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा. सांसद ने कहा कि आगे चल कर इस ट्रेन का स्पीड बढ़ा कर और भी कम समय में देवघर से सुलतानगंज और फिर वापस पहुंचा जा सकेगा. आसनसोल मंडल के डीआरएम परमानंद शर्मा ने कहा कि जल्द ही इस क्षेत्र में रेल की नई परियोजना भी शुरू की जाएगी. वहीं आने वाले 2 वर्ष में रेल के क्षेत्र में विकास ही विकास नज़र आएगा.
रिपोर्ट : रितुराज सिन्हा, देवघर
