देवघर (DEOGHAR) : जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के अजानटोला मुहल्ले में देर रात को पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट में महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए. इसके बाद सभी घायल शिकायत करने पुलिस थाने पहुंचे. जानकारी के अनुसार अजानटोला निवासी नरेश दास ने थाने मे शिकायत करते हुए कहा कि वो अपने परिवार के साथ घर में अपने पोते का बर्थडे पार्टी की तैयारी कर रहे थे. उनके घर में कई मेहमान आए हुए थे. इसी बीच उनके भाई के तीन-चार लोग गाली-गलौज करते हुए आए और लाइट और सजावट के सामानों की तोड़-फोड़ करने लगे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो लाठी और रॉड से उनके साथ वे लोग मारपीट करने लगे. इससे उनका, उनकी पत्नी और उनके पुत्र का माथा फट गया और वे सब बुरी तरह से घायल हो गए.
वहीं दूसरे पक्ष के सुगदेव दास ने शिकायत करते हुए कहा कि पुरानी रंजिश को लेकर बर्थ डे पार्टी के बहाने सभी व्यक्तियों को इकट्ठा कर गाली- गलौज करते हुए लाठी-डंडा लेकर वे लोग घर में एकाएक घुस गए और मारपीट करने लगे, इससे वह और उनके दोनों बेटे बुरी तरह से घायल हो गए. पुलिस ने सभी घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई है.
रिपोर्ट : अरविंद कुमार, जसीडीह (देवघर)
