दुमका (DUMKA) : दुमका प्रखंड के झुरको के सैकड़ों ग्रामीण शुक्रवार को समाहरणालय पहुंच कर डीसी से मुलाकात की और आवेदन सौंप कर सड़क निर्माण कार्य को पूर्ण कराने का अनुरोध किया. दरअसल काठीजोरिया मुख्य पथ से झुरको गांव तक जाने के लिए आज तक सड़क नहीं बन पाई है. वर्षों से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं. कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराने के बाद काठीजोरिया से झुरको गांव तक सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली. सड़क निर्माण का कार्य शुरू भी हुआ लेकिन गांव के कुछ लोगों ने निर्माण कार्य को बंद करा दिया. जिससे ग्रामीण काफी नाराज हैं.
एसडीओ ने कहा अंचलाधिकारी समस्या का समाधान करेंगे
ग्रामीणों का कहना है कि महज 300 मीटर जमीन पर कुछ लोग अपना दावा कर रहे हैं और सड़क बनने नहीं दे रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि दूसरे पक्ष द्वारा जमीन पर दावा गलत है. उनका आरोप है कि जानबूझ कर पूरे गांव को परेशान किया जा रहा है. अभी जिस संकीर्ण रास्ते से ग्रामीण गुजरते हैं, समय समय पर उस रास्ते को भी अवरुद्ध कर दिया जाता है. गुजरने पर रुपए की मांग की जाती है. मारने की धमकी दी जाती है. समाहरणालय परिसर में ग्रामीणों की भीड़ देख कर नगर थाना से पुलिस को बुलाना पड़ा. मौके पर पहुंचे एसडीओ ने ग्रामीणों को समझा कर वापस भेजा. इस बाबत पूछे जाने पर एसडीओ महेश्वर महतो ने कहा कि कल अंचलाधिकारी को गांव भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा.
ग्रामीणों का कहना है कि झुरको गांव सब्जी उत्पादन के लिए जाना जाता है. सड़क नहीं रहने के कारण सब्जी के व्यापारी गाड़ी लेकर गांव तक नहीं पहुंच पाते. अपने उत्पाद को ढोकर उन्हें मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है. प्रसव वेदना से तड़पती महिला को खाट के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है. सड़क बन जाने से परेशानी दूर हो जाएगी.
रिपोर्ट : पंचम झा, दुमका
