धनबाद (DHANBAD) : धनबाद का माहौल भक्तिमय में हो गया है. छठ और रामनवमी को लेकर लोगों में काफी उत्साह है. दो साल बाद लोगों को त्यौहार मनाने का मौका मिला है. कोरोना ने तो सबको घर में ही कैद कर दिया था. इस बार लोग कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते, नतीजा है कि बाजारों में इतनी गर्मी के बावजूद काफी भीड़ है. दुकानदार भी अच्छा पूंजी निवेश किए हैं और उन्हें भरोसा है कि दो साल के नुकसान की बहुत हद तक भरपाई इस साल हो जाएगी.
गर्मी पर भाड़ी पर रही आस्था
बाजारों की बात करें तो फल से लेकर रामनवमी झंडे, लंबे-लंबे बांस की दुकानें सज गई है. बहुत से लोगों के यहां तो छठ पूजा हो रहा है लेकिन कई ऐसे हैं जिनके घर नवमी के दिन माता का जागरण होता है. भक्त माता को बुलाते हैं और सुबह- सुबह उन्हें विदा करते हैं. कोयलांचल में ऐसे लोगों की भी संख्या कम नहीं है, इस वजह से भी बाजार में काफी चहल-पहल है. कुल मिलाकर देखा जाए तो श्रद्धालु भी खुश हैं और दुकानदार भी उत्साहित और बाजार में रौनक छाई हुई है.
शाम 6 बजे तक ही जुलूस निकालने की इजाजत
इधर, रामनवमी को लेकर बुधवार को जिला शांति समिति की बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि शाम 6 बजे तक ही जुलूस निकालने की इजाजत रहेगी. एक अखाड़े के जुलूस में अधिकतम 100 लोगों के शामिल होने की अनुमति रहेगी. अखाड़ा मिलन वाले स्थानों पर एक बार में अधिकतम 1000 लोगों के ही शामिल होने की अनुमति रहेगी. उन्होंने कहा कि बाहर से आए लोगों के उपद्रव फैलाने की आशंका से निपटने की विशेष तैयारी की गई है. साथ ही अखाड़ा जुलूस को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा. डीजे व बड़े साउंड बॉक्स बजाने पर रोक रहेगी. सरकार और प्रशासन के आदेश को हर हाल में पालन करना होगा, इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह, धनबाद
