धनबाद (DHANBAD) : डीएवी, कोयला नगर, धनबाद में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक स्कूल प्रबंधन के रवैए से निराश और हताश हैं. ऐसे में सभी अभिभावक मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और उपायुक्त की अनुपस्थिति में अपर समाहर्ता से भेट की. उन्होंने अपनी परेशानियां बताई और स्कूल प्रबंधन की मनमानी से उन्हें अवगत कराया. अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन पूरी तरह से मनमानी पर उतर आया है. सरकारी के आदेश को भी मानने को तैयार नहीं है. अभिभावकों के अनुसार सत्र 20-21 और सत्र 21- 22 के लिए इस्टैब्लिशमेंट फीस, एनुअल फीस लिया जा रहा है.
ट्यूशन फीस में 55.4% की वृद्धि
इतना ही नहीं सत्र 22- 23 के ट्यूशन फीस में 55.4% की वृद्धि की गई है. जबकि सरकार का आदेश है कि कोरोना काल में केवल ट्यूशन फीस लिया जाएगा और ट्यूशन फीस में हर 2 वर्ष के बाद केवल 10% की वृद्धि करनी है. बता दें कि उपायुक्त को जो शिकायती पत्र दिया गया है, उसमें कुल 45 अभिभावकों के हस्ताक्षर हैं. वहीं इसके पहले भी अभिभावकों ने स्कूल के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया था. हाथों में तख्तियां लिए अभिभावक स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की थी. इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन अपने निर्णय पर अडिग है. वहीं अभिभावकों का कहना है कि जब सरकार का आदेश है तो स्कूल प्रबंधन को मानना चाहिए. मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि उनकी कोई नहीं सुन रहा है. विधायक-सांसद से भी मुलाकात की और अपनी परेशानियां बताई लेकिन कुछ होते दिख ही नहीं रहा है.
8 अप्रैल को स्कूल के प्राचार्यो की बैठक
अभिभावकों का कहना है कि डीएवी स्कूल पूरी तरह से मनमानी पर उतर आया है. वहीं प्रबंधन का कहना है कि वह इस्टैब्लिशमेंट फीस और एनुअल फीस लेंगे ही, अगर आपके पास पैसा नहीं है तो बच्चे को दूसरे स्कूल में ले जाइए. हालांकि इस बार अभिभावक भी पूरी तरह से आरपार के मूड में दिखाई दे रहे हैं. अभिभावकों ने बताया कि अपर समाहर्ता साहब ने उनकी बात ध्यान से सुनी और कहा कि 8 अप्रैल को स्कूल के प्राचार्यो की बैठक डीसी साहब ने बुलाई है. फिर आगे कुछ निर्णय लिया जाएगा. कुछ का कहना था कि अभिभावकों में सहयोग की कमी के कारन स्कूल प्रबंधन का मनोबल बढ़ा हुआ है.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह, धनबाद
