अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज पेपर, तो एक नजर में पढ़िए खास खबरें. शनिवार, दिनांक 02 April 2022को जमशेदपुर के कुछ प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार हैं–
इधर, रघुवर के घर पहुंचे बन्ना, बंद कमरे में आधे घंटे हुई बात: राजनीतिक सरगर्मी के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास से उनके एग्रीको आवास पर मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने आधे घंटे तक बातचीत की. जिस तरह मंत्री रघुवर दास से गले मिले उससे तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं.(प्रभात खबर )
भगवा झंडों से पटी लौहनगरी, जयश्री राम की गूंज: हिंदू नववर्ष पर डिमना चौक से हिंदू उत्सव समिति ने निकाली भव्य शोभायात्रा, गोलमुरी और भालूबासा से भी निकली यात्रा- हिंदू नववर्ष पर हिंदू उत्सव समिति ने डिमना चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. इसमें स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, भाजपा नेता रामबाबू तिवारी समेत अन्य ने भाग लिया. इस शोभायात्रा में राजनीतिक दलों की दूरियां मिट गईं.उधर आम लोगों को काफी परेशानी हुई, जाम की वजह से लोगों को साकची पहुंचने में घंटों लगे, डिमना चौक के पास एक ममता वाहन फंस गया था जो एक गर्भवती महिला को लेकर अस्पताल जा रहा था. काफी मिन्नतों के बाद पुलिसवालों ने दूसरे साइड से रास्ता बनाकर वाहन को निकाला.(हिंदुस्तान)
डा. साहिर को मिला सीएस का प्रभार: डा. ए.के.लाल को बर्खास्त किए जाने के बाद पूर्वी सिंहभूम के लिए सिविल सर्जन का प्रभार डा. साहिर पाल को दिया गया है. डा.साहिल पाल जिला सर्विलांस पदाधिकारी हैं. डीसी कार्यालय से इस संबंध में पत्र जारी किया गया है.(हिंदुस्तान)
59 सबलीज का जमा होने लगा लगान: बिना किसी सरकारी आदेश के टाटा स्टील ने उठाया है ये कदम, एक माह से जमा हो रही है राशि- जमशेदपुर से जुड़े चर्चित 59सबलीज मामले में अचानक नया मोड़ आ गया है. टाटा लीज से संबंधित 59सबलीज की जमीन का एक माह से टाटा स्टील की ओर से लगान जमा किया जा रहा है. टाटा स्टील ने इस मद में करीब आठ करोड़ की राशि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के राजस्व हेड में जमा कर दी है. 2015-16में सीएजी ने वार्षिक रिपोर्ट में खुलासा किया था अवैध ढ़ंग से सबलीज के कारण सरकार को करीब 47 अरब 62 करोड़ से अधिक के राजस्व का नुकसान हुआ है. उसके बाद सरकार ने जांच करवाई जिसकी रिपोर्ट भी सबलीज के प्रतिकूल थी. सबलीज की जमीन पर किसी प्रकार के निर्माण पर राज्य सरकार ने 2013में रोक लगाई थी तब कई सबलीधारक हाई कोर्ट चले गए जिसके बाद हाईकोर्ट ने अपने जोखिम पर निर्माण की छूट याचिकाकर्ताओं को दी थी.(हिंदुस्तान)
टाटा स्टील जमशेदपुर ने इस वित्तीय वर्ष में रिकार्ड 10.2मिलियन टन स्टील बनाया: ताज़ा वित्तीय वर्ष खत्म होने और नए वित्तीय वर्ष की शुरूआत पर टाटा स्टील जेनरल आफिस परिसर में आयोजित गेट टुगेदर में एमडी सह ग्लोबल सीइओ टीवी नरेन्द्रन ने कहा कि टाटा स्टील इंडिया ने 19 मिलियन टन स्टील बनाया जिसमें अकेले जमशेदपुर प्लांट ने 10.2 मिलियन टन स्टील बनाया.(उदितवाणी)
टाटा स्टील ने तैयार किया सीआर एम बारा में 17 एकड़ में तालाब: टाटा स्टील ने सीआरएम बारा परिसर में 17एकड़ क्षेत्र में तालाब बनवाया है. इसका उद्घाटन शुक्रवार को वीपी चाणक्य चौधरी ने किया. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पहले 50एकड़ क्षेत्र में तालाब थे जो विलुप्त हो गए. इस कमी को धीरे धीरे नए तालाब बनाकर दूर किया जाएगा ताकि प्राकृतिक संतुलन बने रहे.(चमकता आईना)
जानलेवा हमले के मामले में अभियुक्त ने किया आत्मसमर्पण: जुगसलाई क्षेत्र में होली के दिन डीजे बजाने के विवाद में पड़ोसी पर जानलेवा हमले के अभियुक्त मनीष कुमार सिंह ने शुक्रवार को दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. न्यायालय ने 14दिनों के लिए जेल भेज दिया.(न्यू इस्पात मेल)
रिपोर्ट: अन्नी अमृता, ब्यूरो हेड, जमशेदपुर
