कोडरमा (KODERMA) - 1000 मेगावाट बिजली उत्पादन करने वाली केटीपीएस, बांझेडीह में स्क्रैप उठाव में भारी गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है. डीवीसी द्वारा संचालित, इस पॉवर प्लांट से स्क्रैप उठाव करने का ठेका ऑक्सीजेंटा सर्विसेज लिमिटेड को दिया गया था. केटीपीएस से स्क्रैप ले जा रहे दो हाइवा को पकड़े जाने के बाद स्क्रैप चोरी होने का संदेह गहरा गया है. जिन दो हाइवा को पकड़ा गया है, उसमें 32 और 35 टन स्क्रैप लदा है, जबकि पॉवर प्लांट से 6-6 टन का ही चालान निर्गत है. परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग और सेलटैक्स डिपार्टमेंट ने जीएसटी चोरी को लेकर दोनों वाहनों से करीब 7 लाख 14 हज़ार का जुर्माना लगाया है.
दिसंबर से ही चल रही है धांधली
अब सवाल उठता रहा है कि केटीपीएस में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली सीआईएसएफ आखिर कर क्या रही थी. जानकारी के अनुसार दिसंबर महीने से ही स्क्रैप चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा. इस मामले में कंपनी, डीवीसी कर्मी और सीआईएसएफ और स्थानीय माफिया की गठजोड़ से स्क्रैप चोरी का धंधा चल रहा है. इधर 9 मार्च को स्क्रैप लदे वाहन को पकड़े जाने के बाद भी डीवीसी ने मामला दर्ज नहीं कराया है और ना ही अपना पक्ष रखने की कोशिश कर रहा. कोडरमा डीसी आदित्य रंजन ने डीवीसी,भेल मुख्यालय को स्क्रैप चोरी का संदेह को लेकर पत्र लिखा है. स्क्रैप चोरी के मामले में पिछले 15 दिनों से कोई भी कार्रवाई नही होने पर मामला को रफा-दफा करने से जोड़ा जा रहा.
रिपोर्ट : संजय शर्मा, कोडरमा