दुमका(DUMKA): दुमका में सम्पन्न परिवार द्वारा अंत्योदय राशन कार्ड पर वर्षों से राशन का उठाव किया जा रहा था. शिकायत प्राप्त होने पर दुमका प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा द्वारा मुड़भंगा पंचायत के चिरुडीह गांव में निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि चिरुडीह ग्राम निवासी समसुल हक, पिता- अब्बास अली द्वारा अन्त्योदय राशन कार्ड संख्या- 202003390097 के माध्यम से गलत तरीके से राशन का उठाव किया जा रहा है.
यह है मामला
चिरूडीह गांव के ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि समसुल हक करीब 25 वर्षों से शिकारीपाड़ा प्रखण्ड के गणेशपुर गांव में रह रहा है और उसका पुत्र इंजिनियर का नौकरी कर रहा है. पुत्र तनबीर आलम के नाम से एक स्कार्पियो गाड़ी भी है. प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा उक्त अन्त्योदय राशनकार्ड को रद्द करने के साथ-साथ अभी तक उठाये गए राशन की वसूली भी करने को कहा गया. प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा किये गए जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला अपूर्ति पदाधिकारी द्वारा समसुल हक को नोटिस निर्गत किया गया. जिसमें झारखण्ड लक्षित जनवितरण प्रणाली (नियंत्रण आदेश 2019 ) के कंडिका 7 के तहत 12 प्रतिशत ब्याज सहित - कुल 99839.00 (निनानब्बे हजार आठ सौ उनचालीस) रुपए एक सप्ताह के अन्दर जमा करने का निदेश दिया गया है. जमा नहीं करने की स्थिति में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
