धनबाद (DHANBAD) : निरसा के बिरसिंहपुर स्थित मां शीतला मंदिर में शुक्रवार को बहुत ही धूमधाम से पूजा शुरू हुई. मां शीतला की पूजा के लिए सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में जुटने लगे. पूरा बीरसिंहपुर मां की पूजा एवं ढोल नगाड़ों से भक्तिमय हो गया. भीड़ संभालने के लिए पुलिस बल तैनात है.
सपने में आईं देवी माता !
बीरसिंहपुर गांव मेला में तब्दील हो गया है. विभिन्न प्रकारकी दुकानें सजी हुई हैं. मां की पूजा के लिए प्रसाद चढ़ाने का सिलसिला सुबह से ही लगातार जारी है. मंदिर के पुजारी असीम कुमार भट्टाचार्य ने बताया कि यह पूजा उनके पूर्वजों ने शुरू की थी. यह परंपरा जारी है और आगे भी जारी रहेगी. पुजारी ने बताया कि पूजा की शुरुआत तब हुई जब उनके दादा जी के सपनों में देवी मां आई थीं. बकौल असीम कुमार भट्टाचार्य, देवी मां ने हीकहा था कि उनकी पूजा की जाय. गांव की भलाई के लिए मां की स्थापना शीतला मंदिर में जाए. उसके बाद से लगातार यहां पूजा होती आ रही है. पुजारी ने कहा कि मां काफी जागृत हैं, जो भी भक्त मां के दरबार में आते हैं, उनकी मनोकामना पूर्ण होती है. भक्तों को पूजा में किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो, इसके लिए निरसा पुलिस तैनात दिखी.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह ,धनबाद
