धनबाद (DHANBAD) : कोयलांचल में अभी से ही गर्मी तबाही मचा रही है. जानकार बताते हैं कि साल '2022 के मार्च में पिछले 5 सालों का रिकॉर्ड टूट रहा है. मार्च के तीसरे सप्ताह में ही इस वर्ष अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है. सामान्य तौर पर यह तापमान अप्रैल के दूसरे सप्ताह में पहुंचता था. विशेषज्ञों की मानें तो मिल रहे संकेतों के अनुसार आगे के दिनों में भीषण गर्मी के लिए तैयार रहना पड़ेगा.
10 मार्च के बाद अधिकतम तापमान में अचानक उछाल आया
बता दें कि 10 मार्च के बाद से अधिकतम तापमान में अचानक उछाल आया और उसके बाद तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है. विदित है कि धनबाद की गिनती देश के प्रदूषित शहरों में होती है. यहां के प्रदूषण की मुख्य वजह हवा में 10 माइक्रोन या उससे अधिक बड़े धूल कण हैं. शहर के कई क्षेत्रों की हवा में धूल कणों की मात्रा 200 से लेकर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बीच पाई जाती रही है.
प्रदूषण के कारणों को लेकर अधिकारी एकमत नहीं
इस कारण भी तापमान अधिक रहता है, हालांकि बढ़ते प्रदूषण को लेकर धनबाद के अधिकारियों में एका नहीं है. कल धनबाद क्लीन एयर प्रोग्राम को लेकर स्टेकहोल्डर मीटिंग में भी यह बात देखने को मिली. नगर निगम और बीसीसीएल के अधिकारी आमने सामने दिखे. नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने शहर में प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह ओपन कास्ट माइनिंग बताया तो बीसीसीएल के पर्यावरण अधिकारी ने इसे गलत बताते हुए प्रदूषण की वजह शहर के ट्रांसपोर्ट को बता दिया. कारण चाहे जो भी हो लेकिन कोयलांचल के लोग अभी से ही गर्मी की तपिश झेल रहे हैं और आगे के दिनों की कल्पना कर परेशान हो रहे हैं.
