जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) - मानगों के सुभाष कॉलोनी में बीते शाम दूध लेकर लौटती हुई महिला से अपराधियों ने चेन छिनतई कर ली. जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह और अन्य पहुंचे. फिर थाना को घटना के बारे में सूचित किया गया. विकास सिंह ने लगातार शहर में महिलाओं के साथ हो रही चेन छिनतई की घटना पर आक्रोश जताया.
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार मानगो सुभाष कॉलोनी निवासी शशि भूषण प्रसाद के घर उनकी साली मुस्कान रांची से आई हुई थी. शशि भूषण प्रसाद के ससुर की तबीयत खराब है. वह इलाज के संबंध में रांची से जमशेदपुर के मानगो सुभाष कॉलोनी अपने दामाद के घर आए हुए हैं. साथ ही उनकी बेटी मुस्कान भी आई है. मुस्कान संध्या 6:00 बजे दूध लेने के लिए के दीनदयाल के खटाल गई थी. दूध लेकर लौटते समय न्यू सुभाष कॉलोनी रोड नंबर 1 में हीरो होंडा में सवार दो अपराधियों ने मुस्कान के गले का चेन छीना और भाग गए.
अपराधियों ने मारा झपट्टा
मुस्कान ने बताया कि अपराधी टोपी पहने हुए थे. अपराधियों ने जब झपट्टा मारकर चेन छीना तो मुस्कान मूर्छित हो गई. सूचना मिलने ही मौके पर स्थानीय नेता संजय सिंह गुड्डू और राम सिंह कुशवाहा पहुंचे. उन्होंने भाजपा नेता विकास सिंह एवं स्थानीय थाने को मामले की जानकारी दी. जानकारी मिलने पर उलीडीह थाना के सभी अधिकारी पहुंचे. मौके में पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि घनी बस्ती में संध्या 6:00 बजे लूट को अंजाम दिया जा रहा है.
रिपोर्ट : अन्नी अमृता, जमशेदपुर
