गिरिडीह (GIRIDIH) : गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के खरियोडीह डैम में खरियोडीह के ही रहने वाले दो युवक नहाने के क्रम में गहरे पानी डूब गए. दोनों को डूबते देख कई ग्रामीण बचाने के लिए डैम में कूदे , लेकिन भारी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को केवल एक युवक को बचाने में सफलता मिली. वहीं एक युवक अभी भी पानी में डूबा हुआ है. उसकी खोजबीन जारी है. वहीं घटना की सूचना पर पचंबा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तु स्थिति की जायजा लेते हुए गोताखोर बुलाने की बात कर रही है. फिलहाल सभी तरफ से डूबे हुए बच्चे की खोज जारी है.
डैम में नहाने के क्रम में डूबे दोस्त
दरअसल खरियोडीह के ससांगबेडा के रहने वाले सोनू कुमार दास और सागर कुमार दास दोनों एक साथ नहाने के लिए खरियोडीह डैम आए हुए थे. नहाने के क्रम में दोनों दोस्त पानी में एक साथ डूब गए. देखते ही देखते दोनों युवक गहरे पानी में चले गए जहां भारी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सागर कुमार दास को बचा लिया. लेकिन सोनू कुमार दास को गहरे पानी में चले जाने के कारण ग्रामीण नहीं बचा पाए. इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा पचंबा पुलिस को दी गई है. फिलहाल पचम्बा थाना प्रभारी नीतीश कुमार द्वारा गोताखोर मंगवा कर खोजबीन की जाने की बात कही जा रही है. इधर सोनू कुमार दास के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो चुका है. अब देखना होगा कि पुलिस द्वारा कब तक गोताखोर मंगाया जाएगा और सोनू कुमार दास को जिंदा कब तक निकाला जा सकेगा.
रिपोर्ट: दिनेश कुमार, गिरिडीह
