धनबाद (DHANBAD) : शहर के सदर थाना क्षेत्र के तेलीपाड़ा स्थित अंबिका अपार्टमेंट फेज 2 की तीसरी मंजिल पर सोमवार को अगलगी की घटना घटी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी. विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए खिड़की में लगे कांच को तोड़ कर स्थिति पर नियंत्रण पाया. वहीं आग पर काबू करने के क्रम में एक दमकल कर्मी ओम प्रकाश पासवान घायल हो गए.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि तेलीपाड़ा स्थित अंबिका अपार्टमेंट फेज 2 के तीसरी मंजिल में रवि कुमार नामक व्यक्ति का फ्लैट है. इस फ्लैट में पूजा हुई और पूजा के बाद अगरबत्ती जलाकर रखा गया था. आशंका व्यक्त की जा रही है कि अगरबत्ती की चिंगारी से कमरे में आग फैल गयी और धीरे-धीरे पूरे घर को चपेट में ले लिया. आग से घर में काफी नुकसान हुआ. वार्डरोब, ड्रेसिंग टेबल, टीवी, पलंग सब जलकर खाक हो गए. वहीं स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया हैं जिससे एक बड़ी घटना होने से बच गई.
धनबाद : अंबिका अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी आग, हजारों की संपत्ति खाक
Published at:14 Mar 2022 01:08 PM (IST)
Tags:News