चाईबासा(CHAIBASA): किरीबुरु थाना पुलिस और जैप-एक गोरखा बटालियन के जवानों ने टाटीबा क्षेत्र के जंगलों में कारो नदी किनारे स्थित अवैध महुआ शराब की कई भठ्ठियों को ध्वस्त कर दिया. यह कार्रवाई एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर के आदेशानुसार थाना प्रभारी फिलमोन लकड़ा के नेतृत्व में किया गया. पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई 12 मार्च को अहले सुबह की गई. कार्रवाई के दौरान दो सौ लीटर वाले दर्जनों प्लास्टिक के ड्रमों में फुलाए गए लगभग हजारों लीटर जावा महुआ को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया. शराब माफियाओं के बनाए गए चूल्हे, हंडा, प्लास्टिक के तंबू आदि को भी जला कर नष्ट कर दिया गया. हालांकि, पुलिस को आता देख शराब माफिया जंगल का लाभ उठा भागने में सफल रहे.
महीने भर के अंदर पुलिस के ये तीसरी कार्रवाई
एक माह के अंदर शराब माफियाओं के खिलाफ किरीबुरु पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है. थाना प्रभारी फिलमोन लकडा़ ने बताया कि झारखंड-उड़ीसा सीमांत क्षेत्र के घने जंगलों में प्राकृतिक कारो नदी किनारे यह अवैध शराब भट्ठियां संचालित कर महुआ शराब की चुलाई हो रही थी. इसकी सूचना पर यह कार्रवाई की गई. घटनास्थल पर अनेक जलते चूल्हों पर हंडी के माध्यम से माफिया शराब चुलाई कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. आज की कार्रवाई में शराब माफियाओं को लाखों रुपये का भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है.
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, गुवा(चाईबासा)
