धनबाद (DHANBAD) : झरिया के पूर्व राजा स्व काली प्रसाद सिंह के छोटे बेटे विशेश्वर प्रसाद सिंह का हृदयघात से रांची में निधन हो गया है. उनके पार्थिव शरीर को पुरी (ओड़िसा ) स्वर्गद्वार अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है. वह अपने पीछे पत्नी तथा दो पुत्रियों को छोड़ गए है. उनकी पुत्री सुदर्शना राजलक्ष्मी सिंह पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देगी.
विशेश्वर प्रसाद सिंह झरिया के किड्स गार्डन सेकेंडरी स्कूल के संस्थापक थे. अच्छे अधिवक्ताओं में उनकी गिनती होती थी. राजकुमार विशेश्वर प्रसाद सिंह का विवाह स्नेह लता कुमारी देवी के साथ हुआ था. वह राजा सुरेश चंद्र देव (उड़ीसा के रायरा खोल रियासत के राजा) की पुत्री हैं.
बता दें कि एक समय में झरिया राजा की बहुत ख्याति थी. झरिया का राजा शिव प्रसाद कॉलेज उन्हीं के परिवार द्वारा स्थापित किया गया है. झरिया का राजा तालाब भी उन्हीं के नाम पर है. धनबाद- धैया रोड पर स्थित रानी बांध तालाब को भी झरिया राजा के परिवार से ही जोड़ा जाता है. अभी भी झरिया में राजा के महल उस समय झरिया राजा की संपन्नता की कहानी कह रहे हैं.
रिपोर्ट : सत्य भूषण ,धनबाद
