धनबाद (DHANBAD) : झरिया के राजापुर लोडिंग पॉइंट पर वर्चस्व को लेकर संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को जैसे ही लोडिंग पॉइंट पर काम शुरू हुआ, नकाबपोश अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए पत्थरबाजी की और गोलियां चलानी शुरु कर दी. बता दें कि दहशत फैलाने की मंशा से बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने कोयला लदे ट्रकों पर फायरिंग की. उनका मकसद किसी को मारना नहीं था, बल्कि रंगदारी वसूलने के लिए दहशत फैलाना था. झरिया पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है. फायरिंग के बाद से मजदूरों में दहशत कायम हो गया है.
आमदनी का बहुत बड़ा जरिया है लोडिंग पॉइंट
बता दें कि लोडिंग पॉइंट कोयलांचल में आमदनी का बहुत बड़ा जरिया है. इसी की बदौलत यहां बहुतों की राजनीति चलती है. शरीर पर झक झक खादी चमकती है. इतना ही नहीं, इसी के कारण बड़ी-बड़ी महंगी गाड़ियां पर भी सवारी होती है. कोयलांचल में 'रिमोट' से भी रंगदारी का काम होता है. वजह है कि दूर बैठे नेता अपने कुछ लोगों को लगा कर लोडिंग का कार्य बाधित करते हैं और सरदारी के नाम पर निर्धारित रकम लेते हैं.
रिपोर्ट : सत्य भूषण सिंह, धनबाद
