लोहरदगा (LOHARDAGA) - सांसद सुदर्शन भगत यूक्रेन से लौटे लोहरदगा शहरी क्षेत्र के दो मेडिकल के विद्यार्थियों से उनके घर में जाकर उनसे मुलाकात की, और उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया. यूक्रेन की यात्रा और केंद्र सरकार के द्वारा की गई व्यवस्था में दिक्कत रहने की जानकारी भी हासिल की. हालांकि दोनों विद्यार्थियों ने केंद्र सरकार के प्रति और पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया. इन्होंने कहा कि जहां दूसरे देश के लोग वहां अभी भी फंसे हुए हैं, ऐसे में हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय बच्चों को सुरक्षित निकालने के दिशा में बेहतर कार्य किया है.
इस विषय पर करेंगे मंत्रालय से बात..
मौके पर सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि यूक्रेन की तरह भारत में भी मेडिकल की पढ़ाई को लेकर वह मंत्रालय से बात करेंगे और यह प्रयास करेंगे कि यूक्रेन जैसी सुविधाएं और शिक्षा हमारे देश भारत में भी मेडिकल के विद्यार्थियों को कम से कम खर्च में मिले. ऐसे में अगर मेडिकल की सीट भी बढ़ाने की बात होगी तो इस दिशा में भी यह पहल करेंगे.
रिपोर्ट : गौतम लेनिन, लोहरदगा