देवघर (DEOGHAR) : सारा देश 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है. सभी अपने अपने तरीके से महिलाओं का सम्मान कर रहे हैं. लेकिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर देवघर जिला प्रशासन ने एक पहल की शुरुआत की है. जिला के सभी पदाधिकारी और कर्मियों को बाबा बैद्यनाथ की शपथ दिलाई गई है. शपथ में महिलाओं का सम्मान, उन्हें वाजिब हक़ देना के अलावा दहेज प्रथा, कुरीतियों, भ्रूण हत्या के खिलाफ सबको शपथ दिलाई गई. बाबा नगरी होने के कारण समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त कुमार ताराचंद द्वारा सभी को बाबा बैद्यनाथ की शपथ दिलाई गई है.
नकारात्मक सोच बदलने की ज़रुरत
मौके पर बोलते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है. राष्ट्र निर्माण में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. इसलिए सभी को बेटियों के प्रति अपनी नकारात्मक सोच बदलनी चाहिए. उन्होंने सभी से अपील की है कि अपने साथ साथ अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों, दोस्तों को भी इसकी शपथ अवश्य दिलवाए.
रिपोर्ट : रितुराज सिन्हा, देवघर
