टीएनपी डेस्क (TNP DESK) : राजधानी रांची में झारखंड बंद का असर आंशिक ही दिख रहा. बता दें कि छ मार्च को भाषा विवाद को लेकर झारखंद बंद का आह्वान किया गया है. यह बंद अखिल भारतीय भोजपुरी, मगही, मैथिली अंगिका मंच के द्वारा बुलाया गया है. पर बंद का अधिक असर नहीं दिख रहा. कुछ को छोड़ कर दुकानें आम दिनों की तरह खुली हैं, वहीं गाड़ियां भी सामान्य रूप से चल रही हैं. चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं. कई इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है.
झारखंड बंद को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. शनिवार देर रात रांची एसएसपी सुरेंद्र झा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की और उपद्वियों से सख्ती से निबटने के निर्देश दिए. झारखंड पुलिस, सैफ, जैप के अलावा अन्य बलों को लगाया गया है. बंद को लेकर जिले में चार हजार जवान की तैनाती की गयी है. पुलिस लाइन में भी रिजर्व में अतिरिक्त 1000 जवानों को रखा गया है. रिजर्व में रखे जवानों को जरुरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल के निर्देश दिए गए हैं.
