पलामू (PALAMU) - ज़िला के हैदरनगर थाना के पंसा गांव निवासी 30 वर्षीय मज़दूर अखिलेश कुमार मेहता की शुक्रवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक ढाई महीने पहले ही जम्मू कश्मीर मजदूरी का काम करने गया था. वह सड़क निर्माण कार्य कर रही कंपनी गेमन प्राइवेट लिमिटेड के लिए मजदूर का काम करता था.
मृतक के आश्रित को कंपनी द्वारा उचित मुआवजा मिलने का आश्वासन
रविवार सुबह मृतक अखिलेश कुमार मेहता का शव उनके पैतृक गांव हैदरनगर थाना के पंसा पहुंचा. कंपनी की ओर से उन्हें एम्बुलेंस के द्वारा भेजा गया है. शव के घर पहुंचते ही कोहराम मच गया. गांव में मातम का माहौल पसर गया है. शव का दाह संस्कार गांव के तटवर्ती कोयल नदी के तट पर किया गया. निवर्तमान मुखिया अंजू देवी, समाजसेवी अश्विनी कुमार सिंह ने मृतक के आश्रित को कंपनी के द्वारा उचित लाभ दिलाने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत भी उनके आश्रितों को मदद दिलाई जाएगी.
रिपोर्ट : ज़फ़र हुसैन, पलामू
