जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): साकची थाना के धालभूम क्लब के समीप रश ड्राइव करते हुए दो युवकों ने सामने से आ रही एक अन्य बाइक को टक्कर मार दी. इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ जुटने लगी और टक्कर मारने वाले दोनों युवकों को धर-दबोचा. इसमें एक युवक की घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने चप्पल से जमकर पिटाई कर दी. वहीं घटना में दोनों वाहनें क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों युवक काफी तेज रफ्तार से और काफी गलत तरीके से दायां-बांया गाड़ी चलाते हुए जा रहे थे. इस बीच कई वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बची. लेकिन, सामने से आ रही एक बाइक को इन लोगों ने टक्कर मार कर गिर पड़े.
इसमें मानगो पुरुलिया रोड के रहने वाले गुलशन आरा के कमर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई. वह अपने पुत्र एमडी फरीद के साथ आंबागान स्तिथ डॉक्टर के पास इलाज कराने जा रही थी. इसी बीच यह घटना घट गई. घटना के बाद महिला द्वारा चप्पल से पिटाई करने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के हवाले दोनों युवकों को कर दिया गया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना था कि ऐसे ही उदंड युवकों के द्वारा ही शहर में अपराधिक घटनाओं का अंजाम दिया जा रहा है और सड़क हादसे में दूसरे लोग भी शिकार हो रहे हैं जिन पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर