दुमका(DUMKA): 28 फरवरी को रांची से निकला खतियान रथ यात्रा दुमका पहुंच गया है. दिन भर जगह-जगह नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है. रथ के साथ आए शफी इमाम ने सीएम को नसीहत दी है कि या तो 1932 का खतियान लागू करें या गद्दी छोड़ दें. विकल्प के रूप में उन्होंने बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम का नाम भावी सीएम के रूप में लिया. उन्होंने इस रथ को लेकर बताया कि इस रथ का मुख्य उद्देश्य झारखंड के तमाम खतियानधारियों को एकत्रित करना है.
उन्होंने कहा कि राज्य में अलग-अलग संगठन के लोग आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सबकी मांग तो एक ही है. सबकी मांग यही है कि खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू हो. ये मांग झारखंड बनने के पीछे शामिल आंदोलनकारियों का सपना था. झारखंड को बने 21 साल हो गए. लेकिन, अभी तक स्थानीय नीति नहीं बनना राज्य के लिए दुर्भाग्य है. उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि स्थानीय नीति तुरंत लागू करे या गद्दी छोड़ दें.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका