धनबाद (DHANBAD) - जीटी रोड पर राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर में गुरुवार की सुबह 9 बजे के लगभग भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. दुर्घटना में बस पर सवार 6 लोग घायल हुए हैं. घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. इन्हें SNMMCH में भर्ती कराया गया है.
ट्रॉमा सेंटर बनवाने की मांग
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में जख्मी हुए सभी घायल ओड़िसा के रहने वाले हैं. कोलकाता से चलकर दिल्ली की ओर जा रहा डाक पार्सल कंटेनर आगे बढ़ रहा था कि विपरीत दिशा से उड़ीसा से चलकर मुर्शिदाबाद जा रही यात्री बस में टक्कर हो गई. बस में 60 से अधिक लोग सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गलत लेन पकड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई है. बता दें कि स्थानियों द्वारा दुर्घटना के बाद सभी घायलों के तत्काल इलाज के लिए हाईवे के नजदीक में ही ट्रॉमा सेंटर की मांग की जा रही है. अभी हाल ही में वरीय कांग्रेस नेता अशोक कुमार सिंह ने भी धनबाद के प्रभारी मंत्री बन्ना गुप्ता से हाईवे के अगल-बगल नजदीक में ही ट्रॉमा सेंटर बनवाने की मांग की है.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह, ब्यूरो हेड, धनबाद
