पलामू (PALAMU) - छत्तरपुर जिले में चल रहे गांजे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ताजा मामला जिले के छत्तरपुर थाना के बारा मोड़ के पास का है. यहां खैनी की दुकान से गांजे का अवैध रूप विक्रय कर रहे दुकानदार आरोपी पर पुलिस ने कार्रवाई की. मामले में थाना प्रभारी शेखर कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के बारा गांव स्थित एक खैनी दुकानदार राहुल कुमार के पास से करीब 440 ग्राम गांजा जब्त किया गया. उन्होंने बताया कि खैनी दुकान में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री होती थी. उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर से काली पॉलिथीन में 230 ग्राम गांजा बरामद हुआ. वहीं छोटी- छोटी 51 पुड़िया में 210 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया है. इस संबंध में दुकानदार राहुल से वैध कागजात की मांग की गई. लेकिन न तो कोई कागजात और ना ही संतोषजनक जवाब दिया.
अपराधियों की धरपकड़ जारी
बता दें कि इस मामले में छत्तरपुर पुलिस की ओर से शहर में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की जा रही थी. इस कार्रवाई में खैनी दुकानदार राहुल के पास से करीब 440 ग्राम गांजा जब्त किया गया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को कारवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इसके अलावे पुलिस क्षेत्र में होने वाली अन्य अपराधिक गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है. वहीं पुलिस ऐसे कारोबारियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. धरपकड़ भी कर रही है. इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना पुलिस को अलर्ट कर रखा है. कहीं भी अवैध कारोबार की भनक लगते ही पुलिस द्वारा दबिश बनाते हुए आरोपियों को गिरफ्तारी कर उन्हें सलाखों के पीछे डाला जा रहा है.
रिपोर्ट : अरविन्द कुमार, छत्तरपुर,पलामू
