लातेहार (LATEHAR) - रूस और यूक्रेन के बीच जंग में फंसी महुआडांड़ की लतिका ठिठियो के पिता इसहाक बृजिया ने शनिवार को महुआडांड़ एसडीओ नीत निखिल सुरीन से मुलाकात कर अपनी बच्ची को वापस भारत लाने की गुहार लगाई. बता दें कि आदिम जनजाति परिवार की बेटी लतिका ठिठियो मूलतः महुआडांड़ प्रखंड की दौना ग्राम निवासी हैं. पिता इसहाक बृजिया ने बताया कि उनकी अपनी बेटी से शुक्रवार रात को आखिरी बार बात हुई थी जब उसने फ्लाइट रद्द होने की बात बताई थी.
उपायुक्त को दी गई जानकारी
इस बारे में एसडीओ नीत निखिल सुरीन ने बताया कि लतिका ठिठियो के संबंध में उपायुक्त को जानकारी दी जा चुकी है. राज्य सरकार ने इस संबंध में हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया है. लतिका के परिजनों को भी इस बारे में जानकारी दी गई है. ऐसे में छात्रा की जल्द वतन वापसी की उम्मीद की जा रही है. वहीं वाट्सएप्प के माध्यम से भेजे मैसेज में लतिका ठिठियो ने बताया कि वह यूक्रेन की राजधानी कीव में है और अभी सेफ जगह पर है. हालांकि इस दौरान भारतीय दूतावास या किसी अधिकारी ने उनसे संपर्क नहीं किया है. यहां हालात दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं.
रिपोर्ट : मनोज दत्त, लातेहार
