रांची (RANCHI) : चिंतन शिविर के बाद प्रदेश कांग्रेस अपने मेनोफेस्टो में किए गए वादे को पूरा करने को लेकर कटिबद्ध हो गई है. बुधवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी पार्टी का बदला तेवर नजर आया.
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने प्रेस वार्ता कर बताया कि चिंतन शिविर में कई मामलों पर चर्चा की गई है. बंधु तिर्की ने कहा कि सरकार ऐसी योजना बना कर काम करे जिससे सभी को लाभ हो. ऐसा न हो कि नागपुर की राजनीति की तरह काम करें. उन्होंने कहा कि सरकार में कांग्रेस छोटे भाई की भूमिका में है और कांग्रेस पार्टी अपनी मांग को सरकार के पास रखेगी. उन्होंने बताया कि झारखंड प्रभारी ने मुख्यमंत्री से बात की है. उन्होंने सभी मामलों का निष्पादन करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि एक मांग पत्र कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री को दिया गया है. शिविर में स्थानीय नीति ,स्थानीय भाषा सहित कई मसलों पर चर्चा हुई है. सभी मामलों को लेकर एक ज्ञापन बनाया गया है जिसे राज्य सरकार को दिया जाएगा.