लातेहार (LATEHAR) : जिला खेल स्टेडियम में जिलास्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता 2021-22 का आरंभ हुआ. प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त अबु इमरान ने दीप प्रज्जवलित कर एवं 30 मीटर फ्लाइंग प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखा कर किया.
हो रहे संसाधन विकसित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि प्रतिभा निखार के लिए प्रतियोगिता जरूरी है. उन्होंने कहा कि जिले में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए खेल संसाधन विकसित किया जा रहा है. प्रखंड स्तर पर अच्छे खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है एवं अन्य संरचनाएं विकसित हो रही हैं. वहीं जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि पूरे राज्य में आज से जिलास्तर पर प्रतिभा चयन प्रतियोगिता आयोजित हो रही है. आगे उन्होंने कहा कि जिले में 21 फरवरी से 24 फरवरी तक विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, प्रतिभा चयन प्रतियोगिता में विभिन्न प्रखंडों से बालक एवं बालिका पहुंचे हैं. जो भी प्रतियोगिता में चयनित होंगे उन्हें राज्यस्तर पर भेजा जाएगा. कार्यक्रम के दौरान एसडीओ शेखर कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया ने भी प्रतिभा चयन प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चों को पूरी क्षमता के साथ अच्छा प्रदर्शन करने एवं राज्यस्तर पर चयनित होने की शुभकामनाए दी.
रिपोर्ट : रंजना कुमारी (रांची ब्यूरो )
