रांची (RANCHI) : नेशनल ज्योग्राफिक झारखंड पर डॉक्यूमेंट्री बना रहा है. शुक्रवार को नेशनल ज्योग्राफिक के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने "पोस्ट कार्ड्स फ्रॉम झारखंड" के नाम से बनने वाली डॉक्यूमेंट्री का प्रेजेंटेशन दिया.
होंगी चार अलग- अलग फिल्में
नेशनल ज्योग्राफिक के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री में चार अलग- अलग फिल्में होंगी. पहली फिल्म में बेतला- मैक्लुस्कीगंज- नेतरहाट और आसपास के क्षेत्र, दूसरी फिल्म गिरिडीह- देवघर -मलूटी और आसपास के क्षेत्र, तीसरी फिल्म में जमशेदपुर- खूंटी और सरायकेला और आसपास के क्षेत्र तथा चौथी फिल्म रांची-हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में अवस्थित पर्यटक स्थलों पर आधारित होगी. हर फिल्म अपने आप में पूरी फिल्म होगी.
सरकार करेगी पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड पर नेशनल ज्योग्राफिक द्वारा बनाई जानेवाली डॉक्यूमेंट्री में सरकार पूरा सहयोग करेगी. उन्होंने नेशनल ज्योग्राफिक के प्रतिनिधियों को अपने कुछ सुझाव भी दिए. मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि वे झारखंड पर्यटन पर कॉफी टेबल बुक भी तैयार करें, ताकि इसके माध्यम से झारखंड पर्यटन से जुड़ी जानकारी लोगों से साझा की जा सके. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे और सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के निदेशक राजीव लोचन बक्सी तथा नेशनल ज्योग्राफिक के प्रतिनिधि मौजूद थे.
